1100 संतों द्वारा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का लिया गया संकल्प
वृंदावन। धर्म रक्षा संघ की संकल्प सभा ललित कुंज, परिक्रमा मार्ग में महामंडलेश्वर स्वामी राधाप्रसाद देव जू महाराज की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा सर्वे के आदेश की खुशी में 1100 संतों को भोजन प्रसाद और दक्षिणा वितरित गयी।
संकल्प सभा में धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने सभा में उपस्थित 1100 संतों को श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्त कराने का संकल्प कराते हुए सभी संतों के साथ दोहराया कि जब तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि पूर्णतः मुक्त नहीं हो जायेगी और ईदगाह का ढांचा हटाकर भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर का निर्माण नहीं हो जाता तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे चाहे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए हमें प्राणों का बलिदान ही क्यों न करना पड़े।
धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय मार्गदर्शक महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि आज ग्यारह सौ संतों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए श्री थाम वृन्दावन में संकल्प लिया है बहुत जल्दी संतों का संकल्प सिद्ध होगा मथुरा में ईदगाह के स्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा। महामंडलेश्वर स्वामी राधाप्रसाद देव जू महाराज ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मुक्ति का शंखनाद वृन्दावन के संतों द्वारा किया गया आज श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का शंखनाद भी श्री धाम वृन्दावन से किया गया है। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय गौ रक्षा प्रमुख डा. गोविन्द सिंह ने कहा कि ईदगाह के सर्वे के बाद अकाट्य प्रमाण प्राप्त होंगे जिससे हमारा श्रीकृष्ण जन्मस्थान होने का दावा प्रमाणित हो जायेगा।
धर्म सभा में महंत अचल दास, महंत कुंजबिहारी दास, महंत राघव दास, महंत वेणुगोपाल दास,गोपाल शर्मा,मनोज सैनी,पवन अग्रवाल आदि उपस्थित थे।